माइनिंग टीम पर हमले के मामले में चार आरोपित गिरफ्तार,फरार की तलाश जारी
हरिद्वार, 22 जुलाई (हि.स.) लक्सर पुलिस ने माइनिंग टीम पर जानलेवा हमले के बहुचर्चित मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे।
बुधवार को पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना और लगातार की गई दबिश के आधार पर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को केआरबीएम एलएलपी की फील्ड टीम के इंचार्ज तेजा साई ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम मुण्डाखेड़ा में माइनिंग टीम पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, जिसके बाद चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक कुमार निवासी रायसी, सारुन निवासी केडी खुर्द, रामू निवासी कंकरखाता और हरविन्द्र निवासी मुण्डाखेड़ा खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह ने बताया कि माइनिंग टीम पर हमला गंभीर अपराध है और इसे कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना के रूप में लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

