स्मार्टफोन के दौर में पुस्तकालयों की प्रासंगिकता पर विद्यार्थियों ने रखे तर्क
पौड़ी गढ़वाल, 27 नवंबर (हि.स.)। स्मार्टफोन और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच क्या पारंपरिक पुस्तकालयों में अध्ययन की प्रासंगिकता कम हो रही है? इस सवाल पर डॉ. बीजीआर परिसर पौड़ी में विद्यार्थियों के बीच रोचक वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने डिजिटल शिक्षा के लाभों के साथ पुस्तकों और पुस्तकालयों के महत्व को भी तर्कों के साथ प्रस्तुत किया।
स्व. डॉ. आलम सिंह रावत मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित सत्र 2026-27 की इस प्रतियोगिता में बीए, बीएससी, बीकॉम और एमएससी के सात विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें चार विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष में और तीन ने विपक्ष में अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने स्मार्टफोन के माध्यम से शैक्षणिक सामग्री की सहज उपलब्धता तथा पुस्तकालयों में अध्ययन से मिलने वाली एकाग्रता और गहन अध्ययन की उपयोगिता पर तर्क दिए।
पक्ष की ओर से अमीषा नेगी (एमएससी तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, उमंग तिवारी (बीकॉम तृतीय सेमेस्टर) ने द्वितीय और ऐश्वर्या नौटियाल (बीएससी प्रथम सेमेस्टर) और अनुज किमोठी (एमएससी प्रथम सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, विपक्ष की ओर से मुस्कान कांडपाल (बीए प्रथम सेमेस्टर) प्रथम, माधव सिंह (बीए तृतीय सेमेस्टर) द्वितीय और ऋषिका (बीएससी पंचम सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक मंडल में प्रो. अनूप पाण्डेय, डॉ. अमन कुमार शर्मा और डॉ. विपुल सिंह शामिल रहे। उन्होंने विषय-वस्तु, प्रस्तुति और वक्तृत्व शैली के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और स्वस्थ संवाद की भावना विकसित करने का अवसर मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

