दुकान में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला, महिला समेत तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। नगर कोतवाली क्षेत्र में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुर्गा घाट निवासी एक परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनकी दुकान में घुसकर पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।

पीड़ित मनोज गिरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने बेटे के साथ दुकान पर मौजूद थे। तभी अजय गिरी, गंगा गिरी, सन्नी मेहता, सन्नी डोगरा और योगेश त्यागी अपने 25-30 साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं मनोज गिरी की पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। हमले में परिवार के तीनों सदस्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित पक्ष ने मेडिकल परीक्षण भी कराया है।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story