पाबौ के रतकोटी में गुलदार ने महिला को किया घायल
पौड़ी गढ़वाल, 18 जनवरी (हि.स.)। पाबौ ब्लाक के रतकोटी गांव में घास काटने गई महिला को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। गुलदार के हमले में महिला के दोनो कंधों पर घाव के निशान बने है।
महिला ने साहस का परिचय देते हुए गुलदार को दरांती से मारकर भगाया। महिला को पाबौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पौड़ी नागदेव रेंज के रतकोटी गांव में गुलदार ने घास लेने गई 54 साल की सोबती देवी को हमला कर घायल कर दिया। महिला के पति दलवीर सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी अन्य महिलाओं के साथ करीब साढ़े दस बजे गांव के पास जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। बताया कि उनकी पत्नी ने दरांती से वार कर गुलदार को भगा दिया लेकिन एक बार फिर गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। जिस पर अन्य महिलाओं ने लाठी डंडों व पत्थरों से गुलदार को भगाया। बताया कि क्षेत्र में लगातार गुलदार देखा जा रहा है। उन्होंने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
वहीं, पौड़ी नागदेव रेंज के रेंजर दिनेश चंद्र नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा.पंकज सिंह ने बताया कि महिला के दोनो कंधों पर घाव के निशान है। महिला के कंधे पर दर्द होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा.सुनील शर्मा ने बताया कि महिला की स्थिति खतरे से बाहर है। महिला का उपचार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

