गुलदार के हमले में 13 वर्षीय किशोर की मौत, घर से 30 मीटर दूर खेत में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
गुलदार के हमले में 13 वर्षीय किशोर की मौत, घर से 30 मीटर दूर खेत में मिला शव


गुलदार के हमले में 13 वर्षीय किशोर की मौत, घर से 30 मीटर दूर खेत में मिला शव


चंपावत, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र के सुई डूंगरी गांव में बुधवार देर शाम गुलदार ने 13 वर्षीय किशोर को मार डाला। रायकोट मेला देखकर घर लौट रहे किशोर पर घर के पास ही घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर दिया और उसे घसीटकर ले गया। देर रात तलाश के दौरान उसका शव घर से करीब 30 मीटर नीचे खेतों में मिला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान गंगादत्त पुजारी के पुत्र हिमांशु पुजारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हिमांशु रायकोट मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से लगभग 30 मीटर पहले गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। काफी देर तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। रात करीब 9:30 बजे उसका शव खेतों में मिला। ग्रामीण उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि गुलदार कई दिनों से गांव के आसपास दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना वन विभाग को देने के साथ ही पिंजड़ा लगाने की मांग भी की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने, पिंजड़ा लगाने और क्षेत्र में नियमित गश्त कराने की मांग की है।

सूचना पर जिलाधिकारी मनीष कुमार लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने वन विभाग को तत्काल पिंजड़े लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो चुकी थी। लोहाघाट के रेंजर रमेश चंद्र जोशी और पुलिस टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर जानकारी जुटाई।

घटना के बाद सुई डूंगरी सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय वन विभाग की टीम तैनात करने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772587 Articles

Share this story