विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद


विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद


देहरादून, 27 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा में प्रस्तावित एक दिवसीय विशेष सत्र “नारी सम्मान-लोकतंत्र में अधिकार” 28 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। सत्र को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सत्र के दौरान विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रवेश व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अनुमति दी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून एवं प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने साेमवार काे पुलिस लाइन देहरादून में अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों को भली-भांति समझें। ड्यूटी के दौरान संयमित व्यवहार रखने, अनावश्यक टिप्पणी से बचने और किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया।

विधानसभा गेट पर तैनात कर्मियों को निर्देशित किया गया कि आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की जाए। किसी भी व्यक्ति को ज्वलनशील या संदिग्ध वस्तु अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। केवल अधिकृत पासधारकों और उनके वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

रूट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विधानसभा तिराहे से डिफेंस कॉलोनी बैरियर तक सड़क को पूरी तरह खाली रखने के निर्देश दिए गए। वहीं,बैरियर ड्यूटी पर तैनात बल को किसी भी जुलूस या प्रदर्शन के दौरान अराजक तत्वों को विधानसभा के निकट पहुंचने से रोकने को कहा गया।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

राजीव स्वरूप ने कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीनस्थ बल के साथ समन्वय बनाए रखें और किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी सुनिश्चित करें।

विशेष यातायात प्लान लागू:

यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं, जिनमें प्रगति विहार, शास्त्रीनगर, बाईपास, डिफेंस कॉलोनी और विधानसभा तिराहा शामिल हैं।

सत्र के दौरान सभी भारी वाहनों को कारगी चौक और डोईवाला से दूधली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यातायात दबाव बढ़ने पर रिस्पना क्षेत्र में भारी वाहनों को लालतप्पड़, हर्रावाला और नयागांव में आंशिक रूप से रोका जा सकता है।

देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी और चमोली जाने वाले वाहनों को नेहरू कॉलोनी और फव्वारा चौक से पुलिया नंबर-6 की ओर मोड़ा जाएगा। धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाला यातायात माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी से भेजा जाएगा।

मोहकमपुर से मसूरी जाने वाले वाहनों को जोगीवाला, रिंग रोड, लाडपुर और सहस्त्रधारा क्रॉसिंग होते हुए आईटी पार्क मार्ग से भेजा जाएगा। मोहकमपुर से शहर की ओर आने वाले वाहनों को विधानसभा तिराहा, रिस्पना और पुरानी बाईपास चौकी होते हुए धर्मपुर-ईसी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

अनुमति प्राप्त जुलूस केवल हिम पैलेस होटल से ही प्रारंभ होंगे और उनके वाहन रेसकोर्स स्थित गुरु नानक ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे। जुलूस के दौरान रिस्पना से शहर की ओर आने वाले यातायात को हरिद्वार बाईपास की ओर मोड़ा जाएगा। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में डोईवाला से देहरादून आने वाली सिटी बसों को कैलाश अस्पताल से यू-टर्न कर वापस भेजा जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story