चंदोला राईं में विधिक सेवा केंद्र शुरू, ग्रामीणों को बताए अधिकार

WhatsApp Channel Join Now
चंदोला राईं में विधिक सेवा केंद्र शुरू, ग्रामीणों को बताए अधिकार


चंदोला राईं में विधिक सेवा केंद्र शुरू, ग्रामीणों को बताए अधिकार


पौड़ी गढ़वाल, 15 सितंबर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर विकासखंड पौड़ी के ग्राम चंदोला राईं में मंगलवार को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान नालसा विधिक सेवा केंद्र योजना-2010 के तहत विधिक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। शिविर में ग्रामीणों को संवैधानिक व विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की भागीदारी, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और विधि के शासन से भी जुड़ा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि चंदोला राईं में स्थापित विधिक सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, विधिक परामर्श और न्याय प्राप्त करने के विभिन्न माध्यमों की जानकारी मिलेगी। पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता दिलाने में भी केंद्र सहयोग करेगा। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विशेष रूप से विधिक सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विधिक हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर रिटेनर अधिवक्ता गजेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान सदानंद ममगाईं, उपप्रधान सुमन लता चंदोला, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शुभम चमोली, अधिकार मित्र विनीता चौधरी, सीमा नेगी और पवन सुंदरियाल समेत अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story