ग्रामीणों की कानूनी राह आसान करेगा क्यार्क का विधिक सेवा केंद्र

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 19 अगस्त (हि.स.)। विश्व मानवतावादी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को विकासखंड पौड़ी के ग्राम क्यार्क में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत भवन में नालसा विधिक सेवा केंद्र योजना, 2010 के तहत विधिक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को अब निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने ग्रामीणों को विश्व मानवतावादी दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 19 अगस्त को मानवता की सेवा, जरूरतमंद और संकटग्रस्त लोगों की सहायता, मानवीय मूल्यों, आपसी सहयोग तथा सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकार तथा विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्यार्क पंचायत भवन में स्थापित विधिक सेवा केंद्र ग्रामीणों के लिए कानूनी मदद का स्थानीय माध्यम बनेगा।

केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श, अधिवक्ता की सुविधा, मध्यस्थता और लोक अदालत से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इस अवसर पर डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल पौड़ी महेश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, ग्राम प्रधान निर्मला देवी, ग्राम विकास अधिकारी पवन नेगी, अधिकार मित्र वीरेंद्र सिंह, संगीता देवी, पवन सकलानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story