नंदादेवी महोत्सव में विधिक जागरूकता, कौशल प्रशिक्षण व निःशुल्क चिकित्सा शिविर

WhatsApp Channel Join Now
नंदादेवी महोत्सव में विधिक जागरूकता, कौशल प्रशिक्षण व निःशुल्क चिकित्सा शिविर


नैनीताल, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की ओर से नंदाष्टमी महोत्सव के अवसर पर जनहित में विधिक जागरूकता अभियान, कौशल प्रशिक्षण और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव की अवधि में लगाए गए स्टॉल के माध्यम से आमजन को संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ निःशुल्क कानूनी परामर्श, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

महोत्सव की पूरी अवधि में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से पैनल अधिवक्ताओं एवं पराविधिक स्वयंसेवकों की टीम तैनात की गई है। टीम पारिवारिक एवं संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा, बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर अपराध तथा वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के अधिकारों सहित विभिन्न विषयों पर निःशुल्क कानूनी सलाह दे रही है। स्टॉल पर सरल कानूनी पुस्तिकाएं भी वितरित की जा रही हैं तथा 15100 और 1800-180-4000 टोल-फ्री हेल्पलाइन की जानकारी दी जा रही है।

इस दौरान जिला उद्योग केंद्र के सहयोग से 17 और 18 सितंबर को दो दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय महिलाओं, युवाओं और स्वरोजगार में रुचि रखने वाले लोगों को सिलाई तथा कपड़े की कटाई की बुनियादी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 18 सितंबर को दृष्टि सेंटर हल्द्वानी की टीम ने नेत्र जांच की। शुभानु नेत्र अस्पताल की टीम 19 और 20 सितंबर को नेत्र जांच एवं स्क्रीनिंग, चंदन अस्पताल की टीम 19 सितंबर को सामान्य चिकित्सा एवं रक्तचाप जांच तथा द मेडिसिटी रुद्रपुर की टीम 20 से 22 सितंबर तक बहु-विशेषज्ञता चिकित्सा शिविर लगाएगी। उपलब्धता के अनुसार आवश्यक दवाएं निःशुल्क देने का भी प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story