सक्षम नारी आत्मनिर्भर भारत का आधार, छात्राओं को करियर निर्माण के गुर सिखाए

WhatsApp Channel Join Now
सक्षम नारी आत्मनिर्भर भारत का आधार, छात्राओं को करियर निर्माण के गुर सिखाए


हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं आउटरीच सेल तथा कन्या गुरुकुल हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में कन्या गुरुकुल परिसर में छात्राओं के लिए दो दिवसीय व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने किया।

इस अवसर पर कुलपति ने छात्राओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान दौर में छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर देश-दुनिया में पहचान बना रही हैं। छात्राओं में अनेक प्रतिभाएं निहित हैं, जिन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के बल पर सफलता हासिल करने का आह्वान किया।

समविश्वविद्यालय की ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. इंदु गौतम ने कहा कि सक्षम नारी, आत्मनिर्भर भारत का आधार विषय पर आयोजित कार्यशाला में विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने छात्राओं के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के प्रो. पीसी कविदयाल, विप्रो एंटरप्राइजेज हरिद्वार की असिस्टेंट मैनेजर शिवांगी जयसिंह, हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज रायसी के प्राचार्य प्रो. आदित्य गौतम और मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के ट्रेनिंग ऑफिसर दिव्यांशु सिंह चौहान ने छात्राओं को शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप करियर की रूपरेखा तैयार करने की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने रोजगार के अवसरों, कौशल विकास और करियर की संभावनाओं पर भी चर्चा की। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने करियर और रोजगार से जुड़े सवाल पूछे।

डॉ. इंदु गौतम ने देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में होने वाली चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए छात्राओं को करियर और अंतिम सेमेस्टर के लिए शुभकामनाएं दीं।

कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार, वित्ताधिकारी प्रो. वीके सिंह और उपकुलसचिव डॉ. श्वेतांक आर्य ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर प्रसन्नता जताते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कन्या गुरुकुल की प्रभारी प्रो. बिंदु अरोड़ा, पर्यावरण विभाग की प्रो. नमिता जोशी, रसायन विज्ञान विभाग की प्रो. आभा शुक्ला सहित अन्य शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story