फ्लाईओवर हादसे में दो कांवड़ियों की मौत के बाद एनएचएआई के खिलाफ मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now
फ्लाईओवर हादसे में दो कांवड़ियों की मौत के बाद एनएचएआई के खिलाफ मुकदमा


हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे फ्लाईओवर के नीचे लोहे के भारी गर्डर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए एनएचएआई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने हादसे में बरती गई कथित लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय अक्षित उर्फ तनुज पुत्र महेश और 18 वर्षीय कृष्ण पुत्र मटरू, दोनों निवासी सकुरपुर, थाना भोजपुर, मोदीनगर (जनपद गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश), की मौके पर गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। एक अगस्त को बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां रखे लोहे के भारी गर्डर अचानक खिसककर उनके ऊपर गिर पड़े, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों के परिजनों ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि यह हादसा एनएचएआई की घोर लापरवाही का परिणाम है। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया और भारी-भरकम लोहे के गर्डरों को असुरक्षित तरीके से रखा गया था। यदि निर्माण एजेंसी द्वारा उचित सुरक्षा व्यवस्था की गई होती तो दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story