कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री धामी सख्त, दो अधिकारी निलंबित, सघन अभियान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कानून-व्यवस्था पर मुख्यमंत्री धामी सख्त, दो अधिकारी निलंबित, सघन अभियान के निर्देश


देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है।

देहरादून की हालिया घटना के बाद उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह उप और कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाकर हुड़दंगियों और अवांछित तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने देहरादून में हाल ही में हुई घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह उप और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने और अवांछित व हुड़दंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक संचालित अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण के निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। देहरादून की घटना के बाद संबंधित अधिकारियों का निलंबन इसी सख्ती का उदाहरण है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

इधर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए निगरानी बढ़ाने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story