आरटीओ में चैटबॉट सेवा शुरू, क्यूआर कोड से मिलेगी जानकारी
हरिद्वार, 18 जुलाई (हि. स.)। आमजन को परिवहन विभाग की सेवाएं अधिक सरल, त्वरित और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), हरिद्वार में आज से ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट सेवा शुरू की गई है।
परिवहन विभाग की ओर से कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड युक्त स्टैंड लगाए गए हैं। नागरिक इन क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन कर चैटबॉट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, रोड टैक्स, परमिट, फिटनेस, ग्रीन कार्ड सहित विभाग की विभिन्न सेवाओं से संबंधित प्रक्रियाओं, आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित शुल्क और अन्य जरूरी जानकारी तत्काल प्राप्त कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था से लोगों को बार-बार पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे कार्यालय में पारदर्शिता बढ़ने के साथ कार्य निष्पादन भी अधिक प्रभावी होगा।
कार्यालय में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी शुरू किया गया है। इसके माध्यम से आवेदक अपने टोकन की वर्तमान स्थिति और संबंधित काउंटर की जानकारी स्क्रीन पर देख सकेंगे, जिससे प्रतीक्षा व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि नागरिक सेवाओं को आधुनिक, सरल और पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से कार्यालय आने पर क्यूआर कोड स्कैन कर चैटबॉट का उपयोग करने और उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग भविष्य में भी तकनीक आधारित सेवाओं का विस्तार कर नागरिकों को अधिक पारदर्शी, त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

