हरिद्वार में मखाना की खेती का कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया औपचारिक शुभारंभ
हरिद्वार, 15 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार काे जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र स्थित गंगदासपुर बालावाली मे मखाना खेती पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं मखाना रोपण कर हरिद्वार जनपद में मखाना खेती की औपचारिक शुरुआत की।
गौरतलब है कि बिहार की एक संस्था मणिगाछी एफपीओ द्वारा उत्तराखण्ड में पहली बार हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में मखाना खेती का पायलट प्रोजेक्ट प्रारम्भ किया गया है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2025 में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का गठन किया गया, जो उत्तराखण्ड सहित देश के 11 राज्यों में मखाना उद्योग को सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक रुपये 476 करोड़ के परिव्यय के साथ मखाना विकास हेतु केंद्र पोषित योजना संचालित की जा रही है, जिसमें अनुसंधान, गुणवत्तायुक्त बीज उत्पादन, कौशल विकास, मूल्यवर्धन, ब्रांडिंग, विपणन एवं निर्यात को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्हाेंने बताया कि इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 के अंतिम त्रैमास में उत्तराखण्ड को रुपये 50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके माध्यम से कृषि विज्ञान केन्द्र धनौरी (हरिद्वार), ढकरानी (देहरादून) एवं काशीपुर (उधमसिंहनगर) के सहयोग से किसानों को मखाना उत्पादन के लिए प्रशिक्षण, सेमिनार एवं वर्कशॉप आयोजित किए जा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए रुपये 143.16 लाख की कार्ययोजना से मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने की शुरुआत की गई है, जिसमें सभी घटकों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर बागवानी निदेशक महेन्द्र पाल, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह, संस्था के अध्यक्ष राजीव रंजन, डॉ. प्रेम कुमार, अजय पैनोली, अनुज प्रधान, दीपक सैनी, अजय शर्मा, कृष्णपाल चौहान, बाबूराम सहित बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

