78.40 लाख की पेयजल योजना का विधायक आदेश ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
78.40 लाख की पेयजल योजना का विधायक आदेश ने किया शुभारंभ


हरिद्वार, 03 नवंबर (हि.स.)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टीरा टोंगिया में पेयजल संकट दूर करने के लिए घ्78.40 लाख की योजना का शुभारंभ किया गया। विधायक आदेश चौहान ने विधिवत पूजन कर योजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। योजना से टीरा टोंगिया, खाला टीरा और टांडा टीरा के सैकड़ों परिवारों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में नियमित और पर्याप्त पानी नहीं मिल पाने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इससे पहले क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाने के साथ ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया था। हालांकि, पुराने नलकूप की क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण जलापूर्ति की समस्या बनी हुई थी। नई योजना को इसी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। पेयजल हर परिवार की बुनियादी जरूरत है। गर्मी में ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना न पड़े, इसके लिए योजना स्वीकृत कराकर कार्य शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और परिवार तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र का समग्र विकास और जनसमस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्रतिबद्धता है।

क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि तीनों गांवों के ग्रामीण लंबे समय से पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं होने की समस्या से जूझ रहे थे। विधायक ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए 78.40 लाख रुपये की योजना स्वीकृत कराकर काम शुरू कराया है। इससे सैकड़ों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

शुभारंभ अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार, प्रदीप राठौर, रामपाल सिंह, नाथी सिंह, डॉ. कुलदीप चौहान, नरेश राठौर, जसप्रीत सिंह और सुरेश प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771628 Articles

Share this story