कांग्रेस चार नवंबर को प्रदेशभर में चलाएगी ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस चार नवंबर को प्रदेशभर में चलाएगी ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान


-आईडीपीएल ऋषिकेश की 633 एकड़, डाकपत्थर की 180 एकड़ और जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि समेत सरकारी संपत्तियों का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस

देहरादून, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों के कथित दुरुपयोग और निजी हितों के लिए इस्तेमाल किए जाने के विरोध में कांग्रेस चार नवंबर को प्रदेशव्यापी ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान चलाएगी। प्रदेश के 11 स्थानों पर सुबह 10 बजे विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग स्थानों की जिम्मेदारी सौंपी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल करने और सरकारी जमीनों की बंदरबांट के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के हितों, प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी संपत्तियों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नैनीताल के पटवाडांगर की 13.64 एकड़ भूमि और ज्योलीकोट निरीक्षण भवन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा गुरदीप सिंह चप्पल जिम्मेदारी संभालेंगे। अल्मोड़ा और कटारमल में विधायक मनोज तिवारी और पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, जबकि रानीखेत के चौबटिया उद्यान पार्क और निरीक्षण भवन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा अभियान का नेतृत्व करेंगे।

हल्द्वानी के रानीबाग स्थित एचएमटी की 53 एकड़ भूमि पर विधायक तिलकराज बेहड़ और सुमित हृदयेश, जबकि भीमताल क्षेत्र में रामगढ़ की 15 एकड़ भूमि तथा निरीक्षण भवनों में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक आदेश चौहान को जिम्मेदारी दी गई है।

ऋषिकेश के आईडीपीएल की 633 एकड़ भूमि के मामले में डॉ. हरक सिंह रावत, विकासनगर के डाकपत्थर की 180 एकड़ भूमि के मामले में प्रीतम सिंह और मसूरी के हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट की करीब 142 एकड़ भूमि के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल अभियान की अगुवाई करेंगे।

टिहरी जिले के धनोल्टी की 247 एकड़ भूमि और कद्दूखाल निरीक्षण भवन में विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला, हरिद्वार के अलकनंदा होटल क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत और रवि बहादुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रानीपुर क्षेत्र के सलेमपुर महदूद की 21 एकड़ भूमि के मामले में विधायक फुरकान अहमद और वीरेंद्र जाति अभियान का नेतृत्व करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित स्थलों पर सुबह 10 बजे पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों की रक्षा करना प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

____________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771471 Articles

Share this story