उत्तराखंड आदि लक्ष्य संस्थान के लिए एक करोड़ स्वीकृत, जनजातीय विकास को बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड आदि लक्ष्य संस्थान के लिए एक करोड़ स्वीकृत, जनजातीय विकास को बढ़ावा


देहरादून, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में जनजातीय क्षेत्रों के विकास एवं शैक्षिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ी पहल करते हुए 'उत्तराखंड आदि लक्ष्य संस्थान' की स्थापना के लिए एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में इस स्वीकृति की जानकारी दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान जनजातीय युवाओं के कौशल विकास, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री से संस्थान की स्थापना को लेकर अनुरोध किया था। केंद्र सरकार ने उसी प्रस्ताव पर विचार करते हुए यह स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस संस्थान के माध्यम से स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 'उत्तराखंड आदि लक्ष्य संस्थान' की स्थापना के लिए एक करोड़ की धनराशि जारी की है। यह कदम जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा,कौशल विकास और शोध को नई दिशा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story