पौड़ी में 56 लखपति दीदियों का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में 56 लखपति दीदियों का सम्मान


पौड़ी गढ़वाल, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला पौड़ी की ओर से आयोजित लखपति दीदी सम्मान समारोह में पौड़ी विधानसभा क्षेत्र की 56 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिला उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर चर्चा की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की मातृशक्ति के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त हो रही महिलाएं अपने परिवार की स्थिति मजबूत करने के साथ ही गांव और क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता दर्जाधारी राज्यमंत्री अनुराधा वालिया ने स्वयं सहायता समूहों को महिला सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष परमिला भंडारी, रेखा डंगवाल, राज रावत, सुषमा रावत, बीरा भंडारी, प्रीति बडोनी, रजनी मौर्य और संगीता डोभाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story