उत्तराखंड में फार्मा उद्योग के लिए अपार संभावनाएं :ऋतु खण्डूडी भूषण

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में फार्मा उद्योग के लिए अपार संभावनाएं :ऋतु खण्डूडी भूषण


-गुणवत्ता मानकों के पालन से ही मिलेगी वैश्विक पहचान: डॉ. शैलेन्द्र

-फार्मा समिट तकनीकी आदान-प्रदान और व्यापार विस्तार का प्रभावी मंच

हरिद्वार, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य में फार्मा उद्योग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं और राज्य सरकार उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

आज लघु उद्योग भारती और एमटेक्स इंडिया की ओर से सिडकुल स्थित प्रदर्शनी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय औद्योगिक एवं फार्मा प्रदर्शनी व फार्मा समिट का बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी ने शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय उद्यमियों से गुणवत्ता मानकों के कड़ाई से अनुपालन,अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने और नवाचार को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथी लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ने कहा कि फार्मा समिट तकनीकी आदान-प्रदान,नेटवर्किंग और नए व्यापारिक अवसरों की दिशा में एक प्रभावी मंच सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उद्योगों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने, नई तकनीकों को समझने और आपसी सहयोग के माध्यम से व्यापार विस्तार के अवसर प्रदान करते हैं।

आरएसएस के प्रांत प्रचारक डा.शैलेंद्र कहा कि फार्मा सेक्टर में तकनीकी उन्नयन और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन ही वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में वही उद्योग टिकाऊ और सफल होंगे,जो आधुनिक तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करेंगे।

प्रदर्शनी एवं फार्मा समिट में लगभग 150 कंपनियों ने अपनी अत्याधुनिक मशीनरी,उन्नत परीक्षण उपकरणों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी मे लगाए गए विभिन्न स्टॉल पर नवीनतम तकनीकी समाधानों को लेकर उद्यमियों और निवेशकों ने गहन चर्चा की।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। उद्योगपतियों ने आयोजन को प्रेरणादायी बताते हुए इसे उद्योग जगत के लिए उपयोगी पहल करार दिया और कहा कि इस आयोजन से भविष्य में निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाएं और मजबूत होंगी। लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित त्यागी,हरिद्वार जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर,जिला महामंत्री निखिल गोयल, उपाध्यक्ष विनय,सुरजीत भुल्लर, गजेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story