लच्छीवाला टोल प्लाजा से 14 अप्रैल को रहेगी फ्री इंट्री

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 11 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा को सुबह 5 बजे से शाम 8 बजे तक खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। देहरादून में जसवंत सिंह ग्राउंड गढ़ी कैंट परिसर में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के प्रतिभाग करने की संभावना है। ऐसे में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आने वाले वाहनों से शहर और आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए जिलाधिकारी ने लच्छीवाला टोल प्लाजा को 14 अप्रैल को प्रातः 5:00 बजे से शाम 8 बजे तक खुला रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार इस दौरान किसी भी निजी, कमर्शियल व अन्य वाहनों का टोल टैक्स नहीं काटा जाएगा। मंगलवार प्रातः 05 बजे से लेकर शाम 08 बजे तक टोल प्लाजा से वाहनों का नि:शुल्क आवागमन रहेगा।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की शक्तियों का प्रयोग करते हुए सुबह 05 बजे से लेकर शाम 8 बजे तक टोल प्लाजा को नि:शुल्क रूप से खुला रखने के आदेश दिए हैं। इस अवधि में फास्ट टैग से भी किसी प्रकार का कोई टोल नहीं वसूला जाएगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story