कुथनौर गांव में मकान में लगी भीषण आग,लाखों का सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
कुथनौर गांव में मकान में लगी भीषण आग,लाखों का सामान जलकर राख


उत्तरकाशी, 18 अगस्त (हि.स.)। तहसील बड़कोट के अंतर्गत कुथनौर गांव में मंगलवार को एक मकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से घरेलू सामान, नगदी और जेवरात समेत लाखों रुपये की सामग्री जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे प्रेम नौटियाल के मकान की तीसरी मंजिल स्थित रसोई से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बताया गया कि मकान प्रेम नौटियाल सहित तीन भाइयों का संयुक्त मकान है।

आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के मकानों और हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। हालांकि, आग की चपेट में आने से घर में रखा घरेलू सामान, नगदी, जेवरात और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।

अग्निकांड में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। नमो भंडारी और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से आग से हुए नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए आर्थिक सहयोग भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story