कुंजापुरी मेले के 50वें वर्ष को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी
नई टिहरी, 24 सितंबर (हि.स.)। प्रसिद्ध श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें वर्ष को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष मेला 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होगा। आयोजन के लिए 11 समितियों का गठन कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गुरुवार को नरेंद्रनगर तहसील सभागार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में मेले के आयोजन को लेकर बैठक हुई। मंत्री ने कहा कि इस वर्ष कुंजापुरी मेला 50 वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक और आकर्षक बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि कुंजापुरी मेला एक महत्वपूर्ण एकीकरण कार्यक्रम है और इसे सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी विभागों और समितियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों से अपनी आवश्यकताओं की जानकारी समय से उपलब्ध कराने को कहा।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि कुंजापुरी मेले का हर वर्ष विस्तार हुआ है। बैठक में स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बैनर, प्रचार-प्रसार और एलईडी व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए।
बैठक में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान, नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष विनीता बिष्ट, गजा के नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा और अधिशासी अधिकारी एलम सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

