कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने को लेकर अलर्ट जारी, 24 मार्च को बढ़ेगा मंदाकिनी का जलस्तर

WhatsApp Channel Join Now

रुद्रप्रयाग, 23 मार्च (हि.स.)। सिंगोली-भटवारी जल विद्युत परियोजना के अंतर्गत कुंड बैराज से 24 मार्च (मंगलवार) को पानी छोड़ा जाएगा। इस दौरान मंदाकिनी नदी का जलस्तर और जल प्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को स्वयं और अपने मवेशियों को नदी के किनारे जाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

सिंगोली भटवारी जल विद्युत परियोजना, बैराज कुंड स्थित प्रबंधन ने बताया कि सुबह 07:30 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक सभी गेटों से पानी छोड़ा जाएगा। बैराज में लगे रेडियल गेट्स के रखरखाव एवं सिल्ट फ्लशिंग कार्य के चलते यह प्रक्रिया आवश्यक है। इस दौरान मंदाकिनी नदी का जलस्तर और जल प्रवाह बढ़ने की संभावना जताई गई है। प्रशासन और परियोजना प्रबंधन ने नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

इसके साथ ही नदी क्षेत्र में खनन कार्य कर रही संस्थाओं और व्यक्तियों को भी चेतावनी दी गई है कि वे निर्धारित समयावधि के दौरान अपनी मशीनों और पशुओं को नदी क्षेत्र से दूर रखें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके। परियोजना प्रबंधन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story