कुंभ मेला कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा पर हों : राम सिंह कैड़ा

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ मेला कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा पर हों : राम सिंह कैड़ा


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा की तथा विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आगामी कुंभ मेला दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित हो सके।

सीसीआर भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, इसलिए सुगम आवागमन, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों, पुलों, घाटों, पार्किंग स्थलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी समय रहते मजबूत करने पर बल दिया गया। बैठक में मेला अधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्यों के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की गई है और उनकी नियमित समीक्षा की जा रही है।

मीडिया से बातचीत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने शंकराचार्यों को कुंभ मेला-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है तथा सभी अखाड़ों और आश्रमों से निरंतर संवाद स्थापित कर उनके सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज और धार्मिक संस्थाओं का सहयोग मेले के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और तैयारियों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story