कुंभ से पहले पंतद्वीप क्षेत्र के विकास कार्य पूरे करने के निर्देश
हरिद्वार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने पंतद्वीप, कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी महत्वपूर्ण कार्य कुंभ शुरू होने से पहले पूरे करने और निर्माण में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने घाटों, पार्किंग, वॉक-वे, वेंडिंग जोन, शौचालयों, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, टाइलिंग और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष जोर
मेलाधिकारी ने कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वॉक-वे और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित होनी चाहिए। घाटों पर रेलिंग, चेन और अन्य सुरक्षा उपायों के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और गंगा तटों की स्पष्ट दृश्यता सुनिश्चित की जाए। पंतद्वीप क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए भी प्रभावी प्रबंध करने को कहा।
गंग नहर बंदी के दौरान होगी मरम्मत
मेलाधिकारी ने कांगड़ा घाट और मालवीय द्वीप क्षेत्र में घाटों, पुलों और संपर्क मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने घाटों के रखरखाव और मरम्मत पर विशेष जोर दिया। गंग नहर की प्रस्तावित बंदी की अवधि का उपयोग करते हुए उन घाटों और पुलों के हिस्सों की मरम्मत एवं पेंटिंग तत्काल कराने के निर्देश दिए, जो सामान्य दिनों में पानी में डूबे रहते हैं। साथ ही गंगा तट के आसपास स्थित भवनों और आश्रमों में फसाड योजना के अनुरूप रंग-रोगन कराने को कहा।
यूआईआईडीबी की परियोजनाओं की निगरानी
हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के लिए अवस्थापना विकास के कई कार्य कराए जा रहे हैं। उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट बोर्ड (यूआईआईडीबी) की ओर से हरकी पैड़ी-रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास और हरकी पैड़ी के उत्तरवर्ती क्षेत्र के विकास की परियोजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। मेला प्रशासन इन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित निगरानी कर रहा है, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन, ठहराव और सुरक्षा संबंधी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

