कुंभ-2027 की तैयारियों का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ-2027 की तैयारियों का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण


हरिद्वार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने देर शाम नियंत्रण भवन (सीसीआर) में समीक्षा बैठक कर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि देरी व गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं होगी।

मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ से जुड़े किसी भी अधिकारी का अवकाश मेलाधिकारी की संस्तुति के बिना स्वीकृत नहीं किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पीआईयू लोनिवि, पेयजल निगम और एचआरडीए को आवंटित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रमुख परियोजनाओं पर दिन-रात काम जारी रखने और कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा। कार्यदायी संस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से मौके पर मौजूद रहकर प्रगति, गुणवत्ता और श्रमिक तैनाती की निगरानी करें।

सड़कों के डामरीकरण में बिटुमिन आपूर्ति में विलंब का मामला सामने आने पर मंडलायुक्त ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर कुंभ कार्यों को प्राथमिकता पर बिटुमिन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कुंभ क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों को सुचारु बनाने और एनएचएआई की परियोजनाओं को कुंभ से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। मनसा देवी और चंडी देवी पैदल मार्गों का निर्माण शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया।

बैठक से पहले मंडलायुक्त ने पंतद्वीप में उत्तर हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजना के तहत यूआईआईडीबी के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और तेजी के साथ सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। गुणवत्ता जांच के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण टीम की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने बैरागी कैंप में कुंभ शिविरों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर स्थलों की सफाई, भूमि समतलीकरण और सड़क, बिजली, पेयजल सहित आवश्यक जनसुविधाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा। जलापूर्ति टैंकों की सफाई और पानी की गुणवत्ता की लैब जांच कराने के निर्देश भी दिए।

मंडलायुक्त ने कनखल में एचआरडीए के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर भवनों के फसाड को आकर्षक और टिकाऊ बनाने, रंगों में एकरूपता रखने के निर्देश दिए। झंडा चौक, कनखल में सुधार कार्यों और बंगाली मोड़ पर फुटपाथ निर्माण व सौंदर्यीकरण को शीघ्र पूरा करने को कहा।

सिंहद्वार से अमरापुर घाट के बीच चल रहे घाट निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गंग नहर बंदी अवधि का उपयोग कर युद्धस्तर पर कार्य पूरा करने, स्नानार्थियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रबंध व मानकों के पालन के निर्देश दिए।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी व मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story