कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी आयुष अग्रवाल ने किया स्थलीय निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी आयुष अग्रवाल ने किया स्थलीय निरीक्षण


हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत सुरक्षा कर्मियों के लिए समय से आवासीय व्यवस्था और कैंप स्थापित करने तथा यातायात योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने लालजीवाला में प्रस्तावित पार्किंग, पुलिस कैंप और अग्निशमन लाइन, हरिराम इंटर कॉलेज कनखल मैदान में प्रस्तावित यातायात लाइन, कनखल में प्रस्तावित पार्किंग, सतीद्वीप में प्रस्तावित पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स कैंप तथा ऋषिकुल मैदान में प्रस्तावित मुख्य पुलिस लाइन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित स्थलों के प्रवेश और निकास मार्गों के चिन्हीकरण, लेवलिंग तथा साफ-सफाई की प्रगति की जानकारी ली। एसएसपी ने प्रचलित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ मेले के दौरान तैनात होने वाले सुरक्षा बलों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें और यातायात योजना का सुचारु क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

भ्रमण के दौरान डीएसपी कुंभ मेला उमेश मलिक, डीएसपी कुंभ पुलिस लाइन वेद प्रकाश भट्ट और निरीक्षक यातायात कुंभ मेला हितेष कुमार मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story