कुंभ मेला तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं में तेजी के निर्देश
हरिद्वार, 30 अप्रैल (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने गुरुवार को विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेद निकेतन घाट, खड़खड़ी श्मशान घाट और खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने वेद निकेतन घाट पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि घाट के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य निर्माण कार्यों को तय मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद उन्होंने खड़खड़ी श्मशान घाट का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला मद से यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जीर्णोद्धार किया जाएगा। योजना के तहत घाट और शवदाह प्लेटफॉर्म का विस्तार, चिमनियों की ऊंचाई बढ़ाने, गैस आधारित शवदाह चौम्बर निर्माण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव है।
अपर मेलाधिकारी ने इन योजनाओं की उपयोगिता का परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र विस्तृत आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर निर्माणाधीन दो लेन स्टील पुल का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने, प्रत्येक चरण की स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पुल हर हाल में 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जाए।
इस दौरान अपर मेलाधिकारी ने खड़खड़ी श्मशान सेवा समिति के अध्यक्ष जगत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए।
निरीक्षण में मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल समेत लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग के अभियंता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

