मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप व कनखल क्षेत्र का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप व कनखल क्षेत्र का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी के निर्देश


हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप एवं कनखल क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि और एचआरडीए द्वारा कराए जा रहे निर्माण, सड़क, सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की प्रगति परखी और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

कनखल में एचआरडीए के फसाड व सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ में देश-विदेश से श्रद्धालु आएंगे, इसलिए प्रमुख मार्गों व धार्मिक स्थलों के पास बेहतर सुविधाएं जरूरी हैं।

आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम व मातृ सदन होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले 6.74 किमी मार्ग के नवीनीकरण का भी जायजा लिया। इस कार्य के लिए 391.32 लाख रुपये स्वीकृत हैं। उन्होंने फुटपाथ ऊंचाई, अतिक्रमण हटाने और पौधरोपण के निर्देश दिए।

बैरागी कैंप-दक्षद्वीप के बीच निर्माणाधीन डबल लेन पुल और जगजीतपुर फ्लाईओवर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। दक्षद्वीप पार्किंग को हाईवे सर्विस लेन से जोड़ने हेतु 44 मीटर अस्थायी पुल के प्रस्ताव पर जानकारी ली। मेलाधिकारी ने कहा कि पार्किंग तक आवागमन सुगम व सुरक्षित हो। निरीक्षण में एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, लोनिवि अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story