अर्धकुंभ में बनेगा भव्य ‘गंगा मंडप’, एक साथ 3000 श्रद्धालु कर सकेंगे कार्यक्रमों में शिरकत

WhatsApp Channel Join Now
अर्धकुंभ में बनेगा भव्य ‘गंगा मंडप’, एक साथ 3000 श्रद्धालु कर सकेंगे कार्यक्रमों में शिरकत


हरिद्वार, 10 नवंबर (हि.स.)। अर्द्धकुंभ-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भव्य एवं आधुनिक परिसर उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। मेला प्राधिकरण की ओर से करीब 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में गंगा मंडप तैयार कराया जाएगा। इसमें एक साथ लगभग 3000 लोगों के बैठने और खड़े होने की व्यवस्था होगी।

संतों के प्रवचन, धार्मिक सभाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए इस मंडप को प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

जनवरी से अप्रैल तक चलने वाले अर्धकुंभ को देखते हुए मेला प्राधिकरण ने इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंडप की डिजाइनिंग से लेकर निर्माण, साज-सज्जा, बिजली, फर्नीचर, साउंड सिस्टम और पूरे मेला अवधि में रखरखाव की जिम्मेदारी एक चयनित एजेंसी को सौंपी जाएगी। इसके लिए भूमि मेला प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

जर्मन हैंगर तकनीक से बनेगा मंडप

गंगा मंडप का निर्माण जर्मन एल्युमिनियम हैंगर तकनीक से किया जाएगा। इसका न्यूनतम क्षेत्रफल 3000 वर्ग मीटर होगा। मंडप के बीच की ऊंचाई कम से कम 55 फीट और किनारों की ऊंचाई 15 फीट होगी। छत पर तीन परतों वाला अग्निरोधक और वाटरप्रूफ विशेष कपड़ा लगाया जाएगा, जिससे बारिश और तेज हवाओं में भी आयोजन जारी रह सकेंगे।

मंडप के भीतर मजबूत प्लेटफार्म बनाकर सजावटी कालीन बिछाई जाएगी और अर्धकुंभ की थीम के अनुरूप साज-सज्जा की जाएगी। मुख्य मंच 25 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा होगा, जबकि 12 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा साइड मंच भी बनाया जाएगा।

तीन हजार कुर्सियां और 300 वीआईपी सोफा सेट होंगे

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंडप में 3000 प्लास्टिक कुर्सियां, 300 दो सीटर वीआईपी सोफा सेट और 50 लकड़ी की मेजें रखी जाएंगी। परिसर में चार प्रवेश और निकास द्वार, सुरक्षा के लिए चार केबिन और छह सूचना केंद्र बनाए जाएंगे। पत्रकारों के लिए मीडिया ट्रिब्यून, वीआईपी और कलाकारों के लिए दो लाउंज और आठ ग्रीन रूम तैयार किए जाएंगे।

एलईडी स्क्रीन पर देख सकेंगे कार्यक्रम-

मंडप में आधुनिक साउंड और लाइट सिस्टम लगाया जाएगा। मुख्य मंच के सामने 32 फीट लंबी और 10 फीट चौड़ी एक बड़ी एलईडी स्क्रीन के अलावा 12 फीट लंबी और 8 फीट चौड़ी चार अन्य स्क्रीन भी होंगी। इससे दूर बैठे श्रद्धालु भी कार्यक्रम देख सकेंगे। गर्मी को देखते हुए 150 सीलिंग फैन के साथ एसी, कूलर और मिस्ट फैन की व्यवस्था होगी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्टील बैरिकेडिंग, प्रवेश द्वारों पर जांच और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। परिसर में 25 स्टील शौचालय और 10 फूड स्टाल भी होंगे। बिजली के लिए 250 केवीए और 125 केवीए के दो जनरेटर रखे जाएंगे। व्यवस्था के लिए 35 सुरक्षा गार्ड और 25 सफाई कर्मचारियों की तीन पालियों में ड्यूटी लगेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774702 Articles

Share this story