कुंभ की तैयारियों में तेजी, सड़कों और मेला भूमि के समतलीकरण कार्यों का निरीक्षण
हरिद्वार, 22 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को रोड़ी बेलवाला, बैरागी कैंप, कनखल और सिंहद्वार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
निरीक्षण के दौरान शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक मार्ग के नवीनीकरण एवं सुधार कार्यों का जायजा लिया। कुंभ मेला के तहत इस मार्ग पर 393.06 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण और फुटपाथ निर्माण कराया जा रहा है। वहीं बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्री यंत्र मंदिर और बूढ़ी माता मंदिर तक सड़क नवीनीकरण एवं अन्य सुधार कार्यों के लिए 394.19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मेलाधिकारी ने आईरिस सेतु से बैरागी कैंप, विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले 6.740 किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस मार्ग पर 391.32 लाख रुपये की लागत से बीसी के माध्यम से नवीनीकरण कराया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। साथ ही मार्गों को व्यवस्थित और अतिक्रमणमुक्त रखने तथा जिन सड़कों पर फुटपाथ प्रस्तावित हैं, वहां पैदल यात्रियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने एडमिन रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। आईरिस पुल के समीप जंक्शन के सुधार के लिए पीआईयू अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैरागी कैंप पहुंचकर उन्होंने मेला भूमि पर चल रहे समतलीकरण कार्य का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित सेक्टर प्लान के अनुसार कुंभ शिविरों, अखाड़ों, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए चिन्हित भूमि की ड्रेसिंग एवं लेवलिंग समय से पूरी की जाए। अस्थायी आंतरिक मार्गों का निर्माण भी समयबद्ध तरीके से कराया जाए। निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

