घाट, पुल और नहर के काम पर फोकस, कुंभ से पहले पूरा करने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
घाट, पुल और नहर के काम पर फोकस, कुंभ से पहले पूरा करने की तैयारी


हरिद्वार, 21 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला से पहले हरिद्वार में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए चल रहे निर्माण कार्य अब समयबद्धता की कसौटी पर हैं। सड़कों से लेकर पुल, घाट और गंग नहर से जुड़े कार्यों को मेले से पहले पूरा करने की तैयारी है। इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की स्थिति जानी है।

कुंभ के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए घाटों, संपर्क मार्गों और यातायात व्यवस्था से जुड़ी परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंडलायुक्त ने एडमिन रोड और चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन बॉक्स कलवर्ट पुल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कार्य की गति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने जरूरत के अनुसार श्रमशक्ति और मशीनरी बढ़ाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अमरापुर घाट और साक्षी सतनाम घाट के समीप निर्माणाधीन नए घाट भी निरीक्षण का हिस्सा रहे। घाटों के निर्माण की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं का लाभ कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को मिलना सुनिश्चित होना चाहिए।

कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में गंग नहर की क्लोजिंग अवधि को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवधि में प्रस्तावित कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि क्लोजिंग शुरू होने से पहले निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमशक्ति की व्यवस्था पूरी कर ली जाए, ताकि उपलब्ध समय का अधिकतम उपयोग हो सके।

कुंभ की तैयारियों में केवल परियोजनाओं को पूरा करना ही नहीं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखना भी प्रशासन के सामने प्रमुख चुनौती है। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना में देरी या गुणवत्ता से समझौता न हो। समन्वय अथवा संसाधनों से संबंधित समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान करने को कहा गया।

हरिद्वार में चल रहे ये निर्माण कार्य आने वाले कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुविधाओं से सीधे जुड़े हैं। ऐसे में आने वाले समय में परियोजनाओं की प्रगति और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story