कुंभ-2027: रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण, मॉक ड्रिल से परखी जाएंगी व्यवस्थाएं

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ-2027: रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण, मॉक ड्रिल से परखी जाएंगी व्यवस्थाएं


हरिद्वार, 13 नवंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल के साथ स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और यात्री आवागमन की व्यवस्थाओं को देखा। रेलवे अधिकारियों ने संभावित यात्री संख्या के अनुसार की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, सुविधा और सुरक्षा पर विस्तृत मंथन हुआ।

मेलाधिकारी ने कहा कि प्रवेश, निकास, ठहराव और आवागमन की व्यवस्था स्पष्ट और त्रुटिरहित होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के माध्यम से परखने पर जोर दिया गया।

पार्किंग को लेकर विशेष निर्देश दिए गए कि वाहन सड़कों पर खड़े न हों। आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए अधिक निकास मार्ग बनाने पर भी सहमति बनी।

आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग तथा अलग-अलग दिशाओं के लिए पृथक प्रस्थान व्यवस्था बनाने पर विचार हुआ। इससे भीड़ का दबाव घटेगा।

ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और यात्री संख्या के बीच तालमेल रखने पर भी जोर दिया गया।

तय किया गया कि रेलवे अपनी कार्ययोजना को शीघ्र अंतिम रूप देकर मेला प्रशासन से साझा करेगा, ताकि मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें।

निरीक्षण में ओएसडी कुंभ राजीव रंजन, सीनियर डीसीएम महेश यादव, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि, एसपी राजेश भट्ट सहित जीआरपी-आरपीएफ के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story