कुंभ-2027 : गंगा की स्वच्छता के लिए केंद्र देगा हरसंभव सहयोग
देहरादून, 11 मई (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दृष्टिगत गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखने के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड सरकार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में कहा है कि कुंभ मेले के दौरान गंगा नदी की निर्मलता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है। इन प्रस्तावों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, मल-कीचड़ उपचार संयंत्र, नदी की सतह एवं घाटों की सफाई और सार्वजनिक स्वास्थ्य और रोगवाहक नियंत्रण से संबंधित कार्य शामिल हैं।
पत्र के अनुसार, प्रस्तावों को तृतीय पक्ष मूल्यांकन के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स को भेजा गया है। मूल्यांकन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय हरिद्वार कुंभ-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री धामी ने फरवरी में नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल से भेंट कर कुंभ-2027 की तैयारियों और नमामि गंगे परियोजनाओं पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

