भारत को जानो प्रतियोगिता में रुड़की और हरिद्वार की टीमों ने मारी बाजी

WhatsApp Channel Join Now
भारत को जानो प्रतियोगिता में रुड़की और हरिद्वार की टीमों ने मारी बाजी


हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद के उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की प्रांतीय स्तरीय भारत को जानो प्रश्न मंच प्रतियोगिता में रुड़की और हरिद्वार की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में रुड़की के योगी मंगलनाथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल हरिद्वार की टीम विजेता रही। दोनों विजेता टीमें दिसंबर में मेरठ में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।

प्रतियोगिता का आयोजन परिषद की प्रांतीय उपाध्यक्ष रश्मि चौहान के विद्यालय एंजेल्स सीनियर सेकेंडरी एकेडमी, बहादराबाद में किया गया। इसमें प्रांत की 14 शाखाओं की ओर से सीनियर और जूनियर वर्ग की 13-13 टीमों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता क्षेत्रीय पर्यवेक्षक एवं परिषद के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सत्येंद्र मित्तल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष मनीषा सिंघल ने की, जबकि संचालन प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने किया। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी।

सीनियर वर्ग में रुड़की की मुख्य शाखा की टीम योगी मंगलनाथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने प्रथम, कोटद्वार की टीम टीसीजी पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और हरिद्वार की पंचपुरी शाखा की टीम डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। द्रोण शाखा देहरादून के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड को सांत्वना पुरस्कार मिला।

जूनियर वर्ग में पंचपुरी शाखा हरिद्वार की डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल की टीम प्रथम, निरंजनपुर माजरा शाखा की राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सेवला कलां देहरादून की टीम द्वितीय और ग्रेटर शाखा देहरादून की एसजीआरआर पब्लिक स्कूल रेसकोर्स की टीम तृतीय स्थान पर रही। समर्पण शाखा रुड़की के ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर प्रांतीय संयोजक केके अरोड़ा, महिला संयोजक प्रीति अग्रवाल, प्रचार-प्रसार संयोजक कुशल पाल सिंह चौहान, संगठन सचिव निखिल वर्मा सहित परिषद की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर पीएस चौहान मौजूद रहे। परिषद पदाधिकारियों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story