नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म के आरोप में मुस्तफीक गिरफ्तार
हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में लक्सर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को लक्सर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुस्तफीक उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों और आने-जाने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी के डर से क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में है।
गोपनीय सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और पतारसी-सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने आरोपित को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का नाम पता मुस्तफीक पुत्र मुन्फैत निवासी खण्डजा कुतुबपुर कोतवाली लक्सर जिला हरिद्वार उम्र 19 वर्ष बताया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

