खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज, राष्ट्रीय रिकॉर्ड पर 1 लाख का पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज, राष्ट्रीय रिकॉर्ड पर 1 लाख का पुरस्कार


हरिद्वार, 04 अगस्त (हि.स.)। जनपद में खेल महाकुंभ-2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जनप्रतिनिधि खेल प्रतियोगिता, विधायक चैम्पियनशिप, सांसद चैम्पियनशिप और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को ट्रॉफी दी जाएगी। राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार देगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आयोजन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और पर्यावरण अनुकूल हो। शुरुआत से पहले सभी खिलाड़ियों से स्वच्छता शपथ और श्रमदान कराया जाए। खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षित आवास, चिकित्सा, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बीडीओ, बीईओ को स्थानीय बैठक कर कार्ययोजना बनाने को कहा गया। 10वें संस्करण पर पूर्व के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को आमंत्रित कर 100 खिलाड़ियों का विशेष पूल बनाने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का लक्ष्य अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story