खटीमा में 7.23 करोड़ की लागत से बनी गौशाला का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
खटीमा में 7.23 करोड़ की लागत से बनी गौशाला का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण


खटीमा, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा के हल्दीघेरा में 7.23 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 108.84 करोड़ रुपये की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें राज्य मार्ग-70 पर सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक 13.60 किलोमीटर मार्ग के 34.44 करोड़ रुपये की लागत से उच्चीकरण का कार्य प्रमुख है।

मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुरूप विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौशाला के माध्यम से निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे सड़कों पर विचरण करने वाले गोवंश की बेहतर देखभाल के साथ किसानों और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी तथा गोवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।

धामी ने कहा कि प्रदेश में गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गौ सेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार गौ संरक्षण के साथ गोवंश को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है। बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ संरक्षण की परंपरा रही है और राज्य सरकार इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के साथ सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।

धामी ने कहा कि खटीमा सहित ऊधम सिंह नगर जिले में सड़क, पुल, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story