नालापानी में 29 नवंबर को होगा 52वां खलंगा मेला
देहरादून, 25 नवंबर (हि.स.)। देहरादून की ऐतिहासिक धरोहर और गोरखाली वीरता के प्रतीक खलंगा युद्ध की स्मृतियां एक बार फिर जीवंत होने जा रही हैं। ऐतिहासिक नालापानी युद्ध के वीर सेनानायक कुंवर बलभद्र थापा और उनके सैनिकों के शौर्य, बलिदान और अदम्य साहस को नमन करने के लिए 52वें खलंगा मेले का आयोजन 29 नवंबर को सहस्रधारा रोड स्थित सागरताल नालापानी में किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में सैन्य पराक्रम के स्मरण के साथ गोरखाली, गढ़वाली और कुमाऊंनी लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
बलभद्र खलंगा विकास समिति की ओर से आयोजित इस मेले की जानकारी बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा ने दी। उन्होंने कहा कि खलंगा मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उस ऐतिहासिक संघर्ष, वीरता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है, जिसने देहरादून को देश के सैन्य इतिहास में विशिष्ट पहचान दिलाई है। वर्ष 1814-16 के खलंगा युद्ध में कुंवर बलभद्र थापा और उनके सैनिकों ने शक्तिशाली ब्रिटिश सेना के हमलों का डटकर मुकाबला किया था। समिति पिछले 51 वर्षों से इस गौरवशाली इतिहास की स्मृति को जीवंत रखने के लिए आयोजन कर रही है।
समिति के सचिव संजय थापा ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 28 नवंबर को होगी। सुबह 6:45 बजे खलंगा युद्ध स्मारक पर कुंवर बलभद्र थापा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सुबह सात बजे खलंगा बहादुरी साइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली युद्ध स्मारक से शुरू होकर खलंगा युद्ध कीर्ति स्तंभ, सागरताल में संपन्न होगी। इसी दिन सुबह 10:30 बजे नालापानी स्थित श्री चंद्रबदनी माता मंदिर में पूजा-अर्चना, हवन, कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य मेला 29 नवंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। इसमें खलंगा युद्ध के इतिहास और वीर सैनिकों के पराक्रम का वर्णन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे गोरखाली, गढ़वाली और कुमाऊंनी लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। मेले में पारंपरिक तीज गीत, गोरखाली व्यंजन, परिधान और आभूषणों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। गोरखाली समाज की समृद्ध परंपराओं और वीरता को दर्शाने वाले कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
आयोजकों के अनुसार मेले में परमार्थ निकेतन के आचार्य बालकृष्ण, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के प्रतिनिधियों, प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों, क्षेत्रीय विधायकों, पार्षदों और अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। पत्रकार वार्ता में समिति की उपाध्यक्ष विनय गुरंग, सहसचिव केबी कार्की, कोषाध्यक्ष महेश भूषाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

