केजीसीसीआई के गढ़वाल जोन चैप्टर की स्थापना, अध्यक्ष बाेले- औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा
देहरादून, 25 मई (हि.स.)। कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) ने देहरादून में गढ़वाल जोन चैप्टर की स्थापना की घोषणा की है। संस्था ने इसे गढ़वाल क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
संस्था के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने सोमवार शाम को आईएसबीटी स्थित एक हाेटल में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि केजीसीसीआई की स्थापना वर्ष 1987 में उत्तराखंड राज्य गठन से पूर्व तत्कालीन उत्तर प्रदेश के कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में उत्तराखंड को विशेष औद्योगिक पैकेज दिलाने में भी संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही। केजीसीसीआई उद्योगों और सरकार के बीच सेतु के रूप में कार्य करते हुए उद्योगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाती रही है।
पवन अग्रवाल ने बताया कि संस्था राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न समितियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए उद्योग हितैषी नीतियों के निर्माण,औद्योगिक समस्याओं के समाधान और सकारात्मक औद्योगिक वातावरण तैयार करने में सहयोग कर रही है। इसके साथ ही समय-समय पर सेमिनार, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से गढ़वाल क्षेत्र के उद्योगों के लिए एक समर्पित मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए देहरादून में गढ़वाल जोन चैप्टर की स्थापना की गई है, जिससे क्षेत्रीय उद्योगों और सरकार के बीच संवाद और समन्वय को मजबूती मिलेगी।
इस पहल को औपचारिक रूप देते हुए आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और अन्य अतिथियों की उपस्थिति में नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश कुमार मिड्ढा,महासचिव नितिन अग्रवाल,गढ़वाल जोन चेयरमैन मनमोहन भारद्वाज,कोषाध्यक्ष अंकित बंसल, निवर्तमान अध्यक्ष अशोक बंसल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

