केदारनाथ यात्रा की तैयारियों की डीएम ने समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
केदारनाथ यात्रा की तैयारियों की डीएम ने समीक्षा की


रुद्रप्रयाग, 03 अप्रैल (हि.स.)। आगामी केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ होनी है, जिसके मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की जा रही है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की अब तक की गई तैयारियों एवं शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति की समीक्षा करते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की प्रगति जानी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क पर किसी भी प्रकार का मलबा न रहे और पैचवर्क, रोड मार्किंग, चौड़ीकरण, डामरीकरण एवं क्रैश बैरियर सहित सभी कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं। आवश्यक स्थानों पर साइनेज एवं डायवर्जन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए।

गौरीकुंड से केदारनाथ तक पैदल मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विश्राम स्थल, सुरक्षा, संचार व्यवस्था एवं आपात सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। घोड़ा-खच्चर संचालन के लिए पंजीकरण एवं बीमा की स्थिति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती एवं आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने कूड़ा निस्तारण, शौचालयों की व्यवस्था, जल टंकियों की सफाई एवं नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सोलर लाइट, यातायात, आपदा प्रबंधन एवं संचार व्यवस्था जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को सफल बनाएं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story