बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान, शनिवार से शुरू होगी शीतकालीन पूजा

WhatsApp Channel Join Now
बाबा केदार की पंचमुखी डोली ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान, शनिवार से शुरू होगी शीतकालीन पूजा


ऊखीमठ, 13 नवंबर (हि.स.)। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विराजमान हो गई। इसके साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार की शीतकालीन पूजा विधि-विधान के साथ शुरू होगी। अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।

पंचमुखी डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ स्वागत किया। मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर की परंपराओं के अनुसार, डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल पर विराजमान कराया गया। इस दौरान केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। डोली के विराजमान होने के साथ ही अब शीतकालीन पूजा की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला और केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने केदारनाथ यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न संचालन के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहित समाज, मंदिर समिति और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और जनता का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

शनिवार से शीतकालीन पूजा शुरू होने के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। इससे शीतकाल में भी केदारघाटी में धार्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी।

इस मौके पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, डॉ. केदार लिंग, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार सहित मंदिर समिति के सदस्य और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story