केदारनाथ हेली सेवाओं का औचक निरीक्षण,प्रतीक्षा कक्षों में मिलीं व्यवस्थाओं की कमी

WhatsApp Channel Join Now

रुद्रप्रयाग, 09 अक्टूबर (हि.स.)। केदारनाथ धाम यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार को जिले में संचालित हेली सेवाओं के हेलीपैड और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान हेली कंपनियों के प्रतीक्षा कक्षों में बुकिंग के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। हालांकि,निरीक्षण में टिकटों की कालाबाजारी या बाहरी व्यक्तियों की ओर से अवैध बिक्री का कोई मामला सामने नहीं आया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने चिप्सन एविएशन के चारधाम हेलीपैड जाखधार का निरीक्षण किया। तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी ने ट्रांस भारत एविएशन, तहसीलदार बसुकेदार प्रवण एस.पाण्डेय ने थंबी एविएशन और तहसीलदार ऊखीमठ निशांत काम्बोज ने एरो एयरक्राफ्ट के हेलीपैड एवं कार्यालयों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं, टिकट बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। यात्री विवरण पंजिका में यात्रियों का विवरण दर्ज पाया गया। प्रतीक्षा कक्षों में व्यवस्थाओं की कमी को देखते हुए संबंधित कंपनियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने टिकटों की बिक्री और वितरण पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी अनियमितता पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। मौसम या अन्य कारणों से उड़ान का निर्धारित समय बदलने की स्थिति में यात्रियों के टिकटों के प्रतिस्थापन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। हेली कंपनियों को हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरी सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story