बदरीनाथ और केदारनाथ मास्टर प्लान के कार्यों में तेजी लाएं : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
बदरीनाथ और केदारनाथ मास्टर प्लान के कार्यों में तेजी लाएं : मुख्य सचिव


देहरादून, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने केदारनाथ में सेंट्रल स्ट्रीट के तहत छह भवनों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए यात्रा सीजन के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने संबंधित हितधारकों के साथ आवश्यक समझौते की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में देरी न हो। उन्होंने संस्कृति मंत्रालय की ओर से कराए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली और जिलाधिकारियों को इनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं देने तथा इस संबंध में तत्काल शासनादेश जारी करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में किसी भी एजेंसी को निर्माण की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए। ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के पहले और दूसरे चरण में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

बदरीनाथ में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को करीब 15 दिनों में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story