कांवड़ यात्रा: पुलिस की शिवभक्तों से विशेष अपील, नियमों का जरूर करें पालन
हरिद्वार, 10 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहनों, रेट्रो साइलेंसर और हथियारों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सभी नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। निर्देशों के अनुसार पैदल जल लेकर जाने वाले शिवभक्त अपनी कांवड़ की ऊंचाई छह फीट तथा कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न रखें, ताकि ऊंची विद्युत लाइनों से दुर्घटनाओं की आशंका न रहे और अन्य श्रद्धालुओं को भी असुविधा न हो। यात्रा के दौरान नुकीले भाले, त्रिशूल, तलवार या किसी भी प्रकार के हथियार लाने पर रोक रहेगी। साथ ही शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन अथवा उनके प्रभाव में हरिद्वार में प्रवेश करना भी प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने प्रत्येक कांवड़ यात्री से अपने साथ वैध पहचान पत्र रखने का अनुरोध किया है। रेलमार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को चेतावनी दी गई है कि चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा करना कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव से बचने की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव का जलाभिषेक करना है। सभी श्रद्धालु नियमों का पालन कर यात्रा को सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाने में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

