काठगोदाम पुलिस ने स्मैक के साथ दो तस्कर दबोचे
हल्द्वानी, 23 मार्च (हि.स.)। नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 91.10 ग्राम स्मैक बरामद की है।एसपीसीटी मनोज कात्याल ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान वन विभाग के जू डंपिंग जोन बागजाला के पास आनन्द सिंह रावत और रोहित थापा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से क्रमशः 68.35 ग्राम और 22.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सितारगंज के शक्ति फार्म क्षेत्र से स्मैक लाकर हल्द्वानी में आपूर्ति करते थे। पुलिस संबंधित सप्लायर की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

