कार्तिक पूर्णिमा पर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रोडवेज ने मांगी 50 अतिरिक्त बसें

WhatsApp Channel Join Now
कार्तिक पूर्णिमा पर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रोडवेज ने मांगी 50 अतिरिक्त बसें


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने लगी है। दूसरे प्रदेशों और शहरों से बड़ी संख्या में यात्री हरिद्वार पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने रुड़की तथा ऋषिकेश डिपो सहित आसपास के अन्य डिपो से 50 अतिरिक्त बसों की मांग की है। यात्रियों का दबाव बढ़ने पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।

स्नान पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोडवेज बसों से हरिद्वार पहुंचते हैं। इससे बस अड्डे पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए निगम ने चालक और परिचालकों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बसों के संचालन और यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उत्तराखंड परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक विशाल चंद्रा ने बताया कि दोपहर बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने लगती है। यात्रियों के दबाव के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रुड़की तथा ऋषिकेश डिपो सहित आसपास के अन्य डिपो से 50 अतिरिक्त बसों की मांग की गई है। दूसरे प्रदेशों से आने वाले चालक-परिचालकों को भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। बस अड्डे की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story