कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए हरिद्वार में 8 जोन और 30 सेक्टरों में होगी मजिस्ट्रेटों की तैनाती
हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पूरे मेला क्षेत्र को 8 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक सभी मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। हरकी पैड़ी, नाई सोता घाट, सुभाष घाट, बाईपास, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार और मनसा देवी मंदिर को जोन बनाया गया है। इनकी जिम्मेदारी क्रमशः हरि गिरि, मंजीत सिंह, आकाश जोशी, योगेश कुमार, गोपाल राम बिनवाल, अतुल प्रताप सिंह, खुशवंत सिंह चौहान और योगेश मेहरा को सौंपी गई है।
स्नान पर्व के लिए बनाए गए 30 सेक्टरों में हरकी पैड़ी, मालवीय दीप, कांगड़ा पुल, नया संजय पुल, महिला घाट, सुभाष घाट, गौ घाट, मोती बाजार, बड़ा बाजार, कुशाघाट चौक, विष्णुघाट, पावन धाम, रोड़ी बेलवाला, पंतद्वीप, चंडी घाट, भीमगोड़ा, शिवमूर्ति, देवपुरा, ऋषिकुल, सिंहद्वार, बैरागी कैंप, रेलवे स्टेशन और मनसा देवी मंदिर सहित प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और 24 घंटे मोबाइल चालू रखने को कहा गया है।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 23 नवंबर से 24 घंटे सक्रिय रहेगा। कंट्रोल रूम का नंबर 7351428593 जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी को हरकी पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर प्राथमिक चिकित्सा और पर्याप्त चिकित्सकों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत, पेयजल, घाटों की मरम्मत, अग्निशमन, सफाई और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति कार्यक्षेत्र छोड़ने और लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

