कांवड़ ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल ने महिला का खोया बैग लौटाया
हरिद्वार, 27 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेला ड्यूटी पर तैनात चंपावत पुलिस के कांस्टेबल रवि कुमार की तत्परता से देहरादून निवासी एक महिला का नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित वापस मिल गया।
पुलिस के अनुसार महिला बस से टिहरी जा रही थी और रायवाला क्षेत्र में उसका बैग बस में ही छूट गया, जिसमें 20 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। सूचना मिलते ही कांवड़ मेला ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल रवि कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चंडी चौक पर संबंधित बस को रुकवाया और बैग सुरक्षित बरामद कर लिया।
इसके बाद बैग महिला को सौंप दिया गया। बैग में रखे 20 हजार रुपये और सभी दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर महिला ने उत्तराखंड पुलिस और कांस्टेबल रवि कुमार का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

