कांवड़ पटरी पर पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, लाइसेंस और रेट लिस्ट की जांच

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ पटरी पर पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, लाइसेंस और रेट लिस्ट की जांच


कांवड़ पटरी पर पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, लाइसेंस और रेट लिस्ट की जांच


हरिद्वार, 31 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने रुड़की के गणेशपुर गंगनहर पुल स्थित कांवड़ पटरी पर विशेष सत्यापन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अस्थायी दुकानों, रेहड़ी-फड़ संचालकों और अन्य व्यापारियों के लाइसेंस, पहचान पत्र तथा रेट लिस्ट की गहन जांच की गई।

अभियान का नेतृत्व कर रहे एसएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि कांवड़ पटरी पर संचालित सभी दुकानदारों के लाइसेंस, पहचान संबंधी दस्तावेज और रेट लिस्ट का नियमित सत्यापन किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को निर्धारित मूल्य पर सामान उपलब्ध हो और किसी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।

इस दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस को पूरी सतर्कता, विनम्रता और सहनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी पर संचालित सभी दुकानों, रेहड़ी-फड़ संचालकों और अस्थायी व्यापारियों का लगातार सत्यापन किया जाए, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अप्रिय घटना या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को समय रहते विफल किया जा सके। अभियान में एसएसआई प्रमोद कुमार, एसआई नरेंद्र राठी, ट्रैफिक उपनिरीक्षक सुशील कुमार सैनी, एसपीओ सचिन शर्मा, परमजीत पम्मा, मयंक गौतम और राजेंद्र त्यागी सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story